
Delhi police action on students protest: दिल्ली में छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में विपक्ष मंगलवार को संसद से राष्ट्रपति भवन तक मार्च निकालेगा। राहुल गांधी ने लोकसभा अध्यक्ष से छात्रों के मुद्दे पर चर्चा की मांग की, जबकि दिल्ली पुलिस ने CJP विरोध प्रदर्शन से जुड़ी हिंसा के मामले में पांच एफआईआर दर्ज की हैं
Rahul Gandhi meets Lok Sabha Speaker Om Birla: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार को छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में विपक्ष अब संसद से राष्ट्रपति भवन तक मार्च निकालने की तैयारी में है। द इंडियन एक्सप्रेस ने अपनी रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से लिखा कि संसद में विपक्षी दलों के फ्लोर लीडर्स की बैठक में इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा हुई और सभी दलों ने संसद के भीतर के साथ-साथ सड़क पर भी विरोध दर्ज कराने पर सहमति जताई।
रिपोर्ट में बताया गया कि बैठक में शामिल एक सांसद ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कक्ष में हुई बैठक में तय किया गया कि संसद की कार्यवाही की स्थिति को देखते हुए मंगलवार दोपहर मार्च निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि इस फैसले पर सभी विपक्षी दल सहमत है

राहुल गांधी ने ओम बिरला से की मुलाकात
इसी बीच कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्षी सांसदों के प्रतिनिधिमंडल ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात की। इस दौरान सपा सांसद धर्मेंद्र यादव, शिवसेना (यूबीटी) के सांसद अरविंद सावंत, कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल समेत कई नेता शामिल थे।
बिरला से मुलाकात के बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा- आज विपक्ष के सासंदों के साथ लोकसभा स्पीकर से मुलाकात की। हमारी मांग स्पष्ट है- पार्लियामेंट में कल स्टूडेंट्स पर हुई बेरहमी और एग्जाम की मुश्किल के लिए सरकार की पूरी तरह से गैर-ज़िम्मेदारी पर डिटेल में चर्चा होनी चाहिए। स्टूडेंट्स को उनके अपने भविष्य के बारे में सही सवाल पूछने पर पीटा गया।
उन्होंने कहा कि अगर पार्लियामेंट भारत के युवाओं के भविष्य पर चर्चा नहीं कर सकती, तो वह किस काम की? विपक्ष इसे दबने नहीं देगा। हम यह पक्का करेंगे कि स्टूडेंट्स की आवाज़ सड़कों पर और पार्लियामेंट में सुनी जाए।
दिल्ली पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
वहीं सोमवार को जंतर-मंतर से संसद तक निकाले गए कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध मार्च के दौरान हुई हिंसा के मामले में दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को पांच एफआईआर दर्ज की हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या यह हिंसा राजधानी की कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की किसी बड़ी साजिश का हिस्सा थी। दरअसल, प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने लोगों पर लाठीचार्ज किया था, जिसमें कई प्रदर्शनकारी भी घायल हुए थे।






